राजकीय हवाई पट्टी अकबरपुर में भव्य सामूहिक विवाह

अम्बेडकरनगर। राजकीय हवाई पट्टी अकबरपुर परिसर में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जनपद स्तरीय भव्य सामूहिक विवाह समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में जिलेभर से आए पात्र जोड़ों ने सामाजिक रीति-रिवाज़ों के अनुसार विवाह संपन्न कर नया जीवन शुरू किया।
समाज के सभी वर्गों—अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, सामान्य एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को आर्थिक सहयोग और सामाजिक सम्मान दिलाने के उद्देश्य से यह आयोजन पूरे गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

लक्ष्य 579, पहुंचे 645 प्रस्ताव—581 जोड़ों का विवाह संपन्न

समाज कल्याण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद के लिए 579 जोड़ों का लक्ष्य निर्धारित था। इसके सापेक्ष समारोह के लिए 645 पात्र जोड़ों के आवेदन प्रस्तावित थे।
कार्यक्रम स्थल पर सत्यापन के बाद कुल 581 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।
समूह में विवाह से जहां गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हुआ, वहीं सामाजिक सौहार्द और सर्वधर्म समभाव की मिसाल भी देखने को मिली।

योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को एक लाख रुपये का लाभ

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये व्यय किए जाते हैं।
इसमें

25,000 रुपये विवाह उपहार सामग्री हेतु,

15,000 रुपये आयोजन व्यय हेतु,

60,000 रुपये नवविवाहित कन्या के बैंक खाते में प्रत्यक्ष हस्तांतरण के रूप में।

समारोह में उपस्थित सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार सामग्री भी प्रदान की गई।

एमएलसी हरिओम पांडेय ने कहा,
“सरकार की यह योजना समाज के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए सशक्त सहारा है। सामूहिक विवाह न केवल आर्थिक राहत देता है बल्कि सामाजिक समरसता को भी मजबूत करता है। आज इतने बड़े स्तर पर आयोजित यह आयोजन जिले में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button