सपा सांसद आरके चौधरी के दल-बदल की अफवाहों पर सियासी घमासान

काकोरी थाने में दर्ज हुई शिकायत

मोहनलालगंज से समाजवादी पार्टी के सांसद आरके चौधरी के कथित दल-बदल की अफवाहों को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और पोस्ट के खिलाफ सांसद के मुख्य सलाहकार टीबी सिंह ने काकोरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भ्रामक प्रचार के जरिए सांसद और समाजवादी पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सपा जिला उपाध्यक्ष टीबी सिंह ने कहा कि यह पूरी तरह सुनियोजित दुष्प्रचार है, जिसका उद्देश्य जनता को भ्रमित करना और पार्टी की छवि को खराब करना है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के सभी 37 सांसद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूरी तरह एकजुट हैं और किसी भी प्रकार के दल-बदल की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।

इसी बीच सांसद प्रतिनिधि तरुण रावत ने बिना नाम लिए विरोधियों पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि “कुछ छुटभैये नेता बिच्छू का मंत्र नहीं जानते और सांप के बिल में हाथ डाल रहे हैं।” साथ ही उन्होंने विपक्षी नेताओं को सलाह दी कि वे बयानबाजी करने के बजाय अपने संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दें।

शिकायत दर्ज कराने के दौरान कई वरिष्ठ सपा नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सरनाम सिंह यादव, प्रदेश सचिव रूप नारायण यादव, पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर, प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और पोस्ट की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button