नकली चाय फैक्ट्री का भंडाफोड़

बाराबंकी में इस्तेमाल की गई चायपत्ती को रंगकर बेचा जा रहा था, STF-FSDA की कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में यूपी एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की संयुक्त टीम ने नकली चायपत्ती बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। आरोप है कि यहां होटलों और ढाबों से इकट्ठा की गई इस्तेमाल की जा चुकी चायपत्ती को कृत्रिम रंग मिलाकर दोबारा तैयार किया जाता था और नई पैकेजिंग में ब्रांडेड नामों से बाजार में बेचा जाता था।

शनिवार शाम करीब 4:30 बजे बड्डूपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक दो मंजिला मकान पर छापेमारी की गई। करीब तीन घंटे चली कार्रवाई के दौरान टीम ने 800 किलो रंगी हुई चायपत्ती, 5 किलो कृत्रिम रंग और बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री बरामद की। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार कर परिसर को सील कर दिया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, इस फैक्ट्री की शिकायत करीब डेढ़ साल पहले मिली थी, लेकिन सटीक स्थान का पता नहीं चल पाने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी थी।

एफएसडीए अधिकारियों ने बताया कि चायपत्ती में मिलाया जा रहा कृत्रिम रंग स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। इसके नियमित सेवन से कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। बरामद नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button