- देवरिया में हर घर तिरंगा अभियान के तहत विशाल रैली का आयोजन
- 133 फीट लंबे तिरंगे के साथ 5000 बच्चों ने लिया हिस्सा
- कई स्कूलों के छात्र, स्काउट और एनसीसी कैडेट शामिल
देवरिया। आज़ादी के अमृत महोत्सव और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को देवरिया में एक विशाल तिरंगा रैली का आयोजन हुआ। नोडल बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस रैली की शुरुआत पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज से हुई, जिसमें 133 फीट लंबे तिरंगे के साथ सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्रा के नेतृत्व में स्काउट और एनसीसी कैडेट बैंड और उद्घोष के साथ आगे बढ़ते रहे। महाराणा प्रताप संविलयन विद्यालय, बेगम रहमत नूरी, अंजुमन इस्लामिया विद्यालय समेत कई स्कूलों के बच्चों ने इसमें भाग लिया।
जिलास्तरीय उद्घाटन और देशभक्ति का माहौल
जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी और नगर पालिका परिषद बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने फीता काटकर रैली का शुभारंभ किया। भारत माता की जय के नारे और देशभक्ति गीतों से पूरा माहौल गूंज उठा।
मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे। रैली राजकीय इंटर कॉलेज से जिलाधिकारी आवास, कलेक्ट्रेट होते हुए स्वर्गीय रविंद्र किशोर शाही स्टेडियम तक पहुंची।
करीब 5000 बच्चों की भागीदारी के साथ यह रैली हर घर पर तिरंगा फहराने के लिए जागरूकता का संदेश देती रही। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत जिले के सभी विद्यालयों में तिरंगा रैली आयोजित की जा रही है।








