मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बदलापुर के पास मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेज रफ्तार BMW कार के डिवाइडर से टकराने के कारण हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका इंजन घटनास्थल से करीब 30 मीटर दूर जाकर गिरा।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 26 वर्षीय योगेश नेगी और 24 वर्षीय रेबेका जैकब के रूप में हुई है। दोनों मुंबई के बांद्रा इलाके के रहने वाले थे। वहीं, कार मालिक और चालक अंगद घायल हो गया, जिसका कल्याण के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जांच में सामने आया है कि हादसे से पहले योगेश नेगी का जन्मदिन मनाया गया था। शनिवार शाम अंगद, योगेश और रेबेका ने बदलापुर पश्चिम में जन्मदिन की पार्टी की थी, जिसके बाद तीनों एक्सप्रेसवे की ओर निकले। पुलिस को मौके से 9 हजार रुपए का एक बिल भी मिला है।
पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो की भी जांच कर रही है, जिसमें BMW को 251 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाते हुए रिकॉर्ड किया गया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि लापरवाही से गाड़ी चलाने और स्टंट करने के कारण चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया।
पुलिस के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर कई स्थानों पर कंक्रीट बैरिकेड लगाए गए हैं। आशंका है कि चालक ने तेज रफ्तार में बैरिकेड से बचने की कोशिश की, जिससे कार अनियंत्रित होकर बीच के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार उछलकर डिवाइडर के दो हिस्सों के बीच फंस गई









