- दूसरा वीडियो वायरल, विपिन के अवैध संबंधों का आरोप
- दहेज मांग को लेकर चल रहा था विवाद, पंचायत भी हुई थी
- निक्की और भाभी के रील बनाने से चिढ़ता था पति
ग्रेटर नोएडा। सिरसा गांव में हुई विवाहिता निक्की की दर्दनाक हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। सोमवार सुबह कासना थाना पुलिस ने फरार चल रहे जेठ रोहित भाटी और ससुर सतवीर को सिरसा टोल और चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी 21 अगस्त को निक्की को जिंदा जलाए जाने के बाद से फरार थे। इससे पहले रविवार को पुलिस ने आरोपी पति विपिन और सास दया को गिरफ्तार किया था। पति को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर पकड़ा था।
वीडियो ने खड़े किए नए सवाल
पुलिस को इस हत्याकांड में दो अहम वीडियो मिले हैं। पहला वीडियो एक मिनट से ज्यादा का है, जिसमें दिख रहा है कि घटना के वक्त विपिन घर पर मौजूद नहीं था। वीडियो में वह डरे हुए हालत में बाहर निकलता, इधर-उधर भागता और फिर गली से बाहर निकलकर कार का दरवाजा खोलता नजर आ रहा है। इस फुटेज ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि जब विपिन बाहर था, तो निक्की को आग किसने लगाई?
दूसरा वीडियो 2024 का है, जिसमें विपिन एक कार में एक लड़की के साथ पकड़ा गया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में कुछ लोग विपिन से हाथापाई करते हुए माफी मंगवा रहे हैं। कार के अंदर बैठी लड़की दरवाजा अंदर से लॉक कर लेती है। हालांकि, इस वीडियो के बारे में विपिन के परिजनों ने जानकारी होने से इनकार कर दिया है।







