अमेरिका के वर्जीनिया में गुजराती महिला की गोली मारकर हत्या

स्टोर खोलते ही नकाबपोश हमलावर ने की फायरिंग, पूरी वारदात CCTV में कैद

  • वर्जीनिया में गुजराती महिला की गोली मारकर हत्या
  • स्टोर में काम करती थीं मेघना पटेल
  • नकाबपोश बदमाश ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
  • वारदात CCTV कैमरे में कैद

United States के Virginia में गुजराती मूल की महिला Meghna Patel की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 47 वर्षीय मेघना पटेल एक स्टोर में काम करती थीं। सोमवार सुबह उन्होंने रोज की तरह स्टोर खोला था, तभी एक नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचा और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

घटना के बाद आरोपी स्टोर में लूटपाट कर मौके से फरार हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक मेघना की मौत हो चुकी थी।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

स्टोर में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में देखा गया कि आरोपी ट्रैक सूट, जैकेट, दस्ताने, मास्क और टोपी पहनकर स्टोर में दाखिल हुआ था। उसने अपनी पहचान पूरी तरह छिपा रखी थी और केवल आंखें दिखाई दे रही थीं।

जैसे ही आरोपी मेघना के पास पहुंचा, उसने उन पर लगातार दो से तीन राउंड फायरिंग कर दी। मेघना के गिरते ही आरोपी कैश बॉक्स से नकदी लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर हमलावर की पहचान करने में जुटी है।

गुजरात के मेहसाणा की रहने वाली थीं मेघना

मेघना पटेल मूल रूप से Gujarat के मेहसाणा जिले के जंत्राल गांव की रहने वाली थीं। वे पिछले करीब 10 वर्षों से परिवार के साथ वर्जीनिया में रह रही थीं और पिछले 8 सालों से उसी स्टोर में काम कर रही थीं।

मृतका के माता-पिता करसनभाई और कपिलाबेन अब भी गुजरात के जंत्राल गांव में रहते हैं। घटना की खबर मिलने के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button