मौसी कहकर घर में घुसा और कर दी हत्या

  • बजरिया में 71 वर्षीय महिला की लूट के बाद हत्या
  • पड़ोसी ने ‘मौसी’ कहकर घर में बढ़ाया था विश्वास
  • घटना के वक्त पति घर से बाहर थे

कानपुर। कानपुर के बजरिया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां 71 वर्षीय प्रेमलता मिश्रा की दिनदहाड़े घर में घुसकर हत्या कर दी गई। हत्या लूटपाट के इरादे से की गई और यह वारदात उनके पड़ोसी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अंजाम दी।

मृतका प्रेमलता को आरोपी ‘मौसी’ कहकर बुलाता था और इसी रिश्ते की आड़ में भरोसा जीत कर वह घर में दाखिल हुआ। पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन लूटे गए जेवरात अब तक बरामद नहीं हो सके हैं।

पति के बाहर रहते ही दिया वारदात को अंजाम
प्रेमलता मिश्रा पीरोड स्थित हरसहाय जगदंबा सहाय इंटर कॉलेज में रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष रह चुके रिटायर्ड शिक्षक सुनील कृष्ण मिश्रा की पत्नी थीं। उन्हें सात साल पहले पैरालिसिस हुआ था। घटना के समय उनके पति आम खरीदने बाजार गए थे। जब वह दो घंटे बाद लौटे तो पत्नी का शव कमरे में पड़ा मिला और कमरे का ताला टूटा हुआ था।

लूट के बाद संघर्ष के निशान
घर के भीतर अलमारी से करीब 2 लाख रुपए नकद और करीब 8 लाख रुपए के जेवरात गायब मिले। प्रेमलता ने हमलावरों से संघर्ष किया था, जिससे उनके शरीर पर खरोंच के निशान और टूटी चूड़ियां मिलीं।

Back to top button