अम्बेडकरनगर। शहजादपुर स्थित पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में कूड़े के ढेर और गंदगी का मामला सामने आया है। मंगलवार रात क्षेत्र में फैले कचरे और अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था का दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यहां सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं दिखाई दे रही है।
जुलूस मार्ग के पास फैली गंदगी
क्षेत्र की विशेष बात यह है कि यहां से मोहर्रम के छठवीं तारीख के जुलूस का मार्ग भी गुजरता है। इसके बावजूद मंडी परिसर और आसपास के हिस्सों में कूड़े का जमाव दिखाई दिया। रात के समय बदबू और गंदगी के कारण आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंडी स्थानांतरण के बाद भी बनी हुई है गतिविधियां
नगरपालिका अकबरपुर द्वारा शहजादपुर सब्जी मंडी को पहले ही संजय टॉकीज के पीछे बभनगवां रोड स्थित नए स्थान पर स्थानांतरित किया जा चुका है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर अब भी पुरानी मंडी क्षेत्र में सब्जी कारोबार से जुड़ी गतिविधियां देखी जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका की ओर से कई बार मंडी को पूरी तरह नए स्थान पर संचालित करने का प्रयास किया गया, लेकिन सभी विक्रेताओं का स्थानांतरण अब तक नहीं हो सका है।
सफाई व्यवस्था को लेकर बढ़ी चर्चा
घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में गंदगी और कचरे की स्थिति को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि नियमित सफाई और ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्था होने से समस्या में कमी आ सकती है।









