सुल्तानपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से जुड़े मानहानि मामले की सुनवाई सोमवार को सुल्तानपुर के MP/MLA कोर्ट में होनी है। यह मामला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर दिए गए कथित विवादित बयान से संबंधित है।
हालांकि, सोमवार को इस मामले में सुनवाई टलने की संभावना जताई जा रही है क्योंकि मूल पत्रावली स्पेशल कोर्ट में होने के कारण आगे की कार्रवाई प्रभावित हो सकती है। इस बीच 15 जुलाई को सत्र न्यायालय (सेशन कोर्ट) में रिवीजन याचिका पर फैसला सुनाया जाएगा।
राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला के अनुसार, यदि सत्र न्यायालय रिवीजन याचिका को खारिज करता है और वादी पक्ष हाईकोर्ट का रुख करता है, तो भी मूल पत्रावली उपलब्ध न होने के कारण सुनवाई आगे टल सकती है।
मामले में भाजपा नेता विजय मिश्रा के अधिवक्ता ने 21 मई को सत्र न्यायालय में निगरानी याचिका (रिवीजन) दाखिल की थी। इसमें उन्होंने निचली अदालत के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें साक्ष्य के तौर पर वॉयस सैंपल लेने की मांग को खारिज कर दिया गया था।
यह याचिका वर्तमान में एडीजे पंचम की अदालत में विचाराधीन है। 30 जून को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 15 जुलाई को फैसले की तारीख तय की थी।
सुनवाई के दौरान वादी पक्ष की ओर से राहुल गांधी के बयान की सीडी और उनकी वास्तविक आवाज का फॉरेंसिक लैब से मिलान कराने की मांग की गई थी, जिसे निचली अदालत ने खारिज कर दिया था। इसी आदेश के खिलाफ यह रिवीजन याचिका दायर की गई है।









