- जम्मू-कश्मीर हमले के बाद कानपुर में हाई अलर्ट
- जुमे की नमाज को लेकर संवेदनशील इलाकों में कड़ी सुरक्षा
- डीसीपी व अन्य वरिष्ठ अफसरों ने किया पैदल रूट मार्च
कानपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। कानपुर में शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर रही। पुलिस और प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती गई।
कानपुर शहर में शुक्रवार को जुमे की नमाज के चलते चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी तैनात रही। संवेदनशील क्षेत्रों में डीसीपी से लेकर थाना प्रभारियों तक ने पैदल मार्च किया और सुरक्षा की स्थिति का जायज़ा लिया। रूट मार्च के जरिए पुलिस ने यह स्पष्ट कर दिया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एडिशनल सीपी हरीश चंदर ने बताया कि सभी जोनों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद निगरानी कर रहे हैं। यतीमखाना, बेकनगंज, बाबूपुरवा और चमनगंज जैसे इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है। मस्जिदों के बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि नमाज शांति से संपन्न हो सके।
इसके अलावा, सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे स्थानीय नागरिकों, धार्मिक नेताओं और व्यापारिक समुदाय के साथ समन्वय बनाकर सामाजिक सौहार्द्र बनाए रखें। पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया गया और पूरे शहर में शांति बनाए रखने के प्रयास किए गए।
डीसीपी ईस्ट, वेस्ट, सेंट्रल और साउथ ने अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ खुद उपस्थिति दर्ज कराई और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस के इस मुस्तैद रुख से शहर में जुमे की नमाज शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई।








