
- गंगा एक्सप्रेस-वे पर बड़ा सड़क हादसा
- स्कॉर्पियो ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई
- हादसे में 3 लोगों की मौत
- 5 घायल, अस्पताल में इलाज जारी
- पुलिस ने शुरू की जांच
गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा रसूलपुर गांव के पास हुआ, जो रायबरेली और प्रतापगढ़ की सीमा से जुड़ा क्षेत्र बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली से जौनपुर जा रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों में दो महिलाएं और एक किशोरी
हादसे में दो महिलाओं और एक नाबालिग किशोरी की मौत हो गई। वहीं पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल सीएचसी संग्रामगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सलोन थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सलोन ने भारी पुलिस बल के साथ राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। मृतकों और घायलों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।









