मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा: ट्राले की टक्कर से 11 की मौत

ब्रेक फेल ट्राला बना काल, कार-ट्रक के बाद बोलेरो में लगी आग

  • ब्रेक फेल ट्राले ने कई वाहनों को मारी टक्कर
  • बोलेरो में लगी भीषण आग, 9 लोग जिंदा जले
  • स्विफ्ट चालक और ट्रक क्लीनर की भी मौत

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ड्रमडगंज थाना क्षेत्र में हुआ, जहां मध्य प्रदेश से गिट्टी लादकर आ रहा एक ट्राला अचानक ब्रेक फेल होने के कारण बेकाबू हो गया।

जानकारी के अनुसार, अनियंत्रित ट्राले ने सबसे पहले एक स्विफ्ट कार को टक्कर मारी और इसके बाद आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट कार ट्राले और ट्रक के बीच बुरी तरह फंस गई।


बोलेरो में लगी भीषण आग, 9 लोग जिंदा जले

इसी दौरान पीछे से आ रही बोलेरो भी अनियंत्रित होकर ट्राले में जा घुसी। टक्कर के बाद बोलेरो में तेज धमाके के साथ आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसमें सवार ड्राइवर समेत 9 लोग जिंदा जल गए।


मुंडन संस्कार से लौट रहा था परिवार

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के अनुसार बोलेरो में सवार सभी लोग जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के रहने वाले थे। परिवार मध्य प्रदेश के मैहर से मुंडन संस्कार कराकर वापस लौट रहा था। हादसे में एक 8 साल के बच्चे और उसकी मां की भी मौत हो गई।


अन्य वाहनों के लोग भी बने हादसे का शिकार

इस हादसे में स्विफ्ट कार के चालक और ट्रक के क्लीनर की भी जान चली गई। गंभीर रूप से घायल क्लीनर को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button