भीषण गर्मी का कहर, झुलसा रही गर्म हवा- दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा

  • धूप तेज, गर्म हवाओं से जनजीवन प्रभावित
  • सुबह 10 बजे के बाद सड़कें सूनी, बाजारों में सन्नाटा
  • बच्चों, बुजुर्गों और बीमारों की परेशानी बढ़ी

अम्बेडकरनगर। जिले में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आसमान साफ होने और पश्चिमी हवाओं के कारण धूप तीखी हो गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तेज धूप के साथ चल रही गर्म हवाएं शरीर को झुलसा रही हैं।सुबह 10 बजे के बाद ही सड़कें वीरान दिखने लगती हैं। दोपहर के समय बाजारों में रौनक गायब हो जाती है और सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा छा जाता है। लोग आवश्यक काम के अलावा घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों की परेशानी और अधिक बढ़ गई है।जिले के ग्रामीण अंचलों में दोपहर के समय हैंडपंप और नलकूपों पर पानी भरने वालों की कतारें देखने को मिल रही हैं। जल स्तर में गिरावट शुरू हो चुकी है और कुछ क्षेत्रों में दोपहर तक पानी सूखने की स्थिति बनने लगी है। फुटपाथ दुकानदारों की बिक्री भी प्रभावित हुई है। कई रेहड़ी पटरी व्यवसायियों ने दोपहर के समय दुकानें बंद रखना शुरू कर दिया है। टांडा, जलालपुर, अकबरपुर जैसे कस्बाई क्षेत्रों में सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ अपेक्षाकृत कम रही। शीतल जल, पैकेज्ड पानी, शिकंजी, जलजीरा, शरबत, आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक्स की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ लगने लगी है। रेहड़ी दुकानदारों का कहना है कि बीते दो सप्ताहों में बिक्री में 40 से 50 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है।

Back to top button