CA ने पत्नी पर स्लो पॉइजन देने का लगाया आरोप

CCTV फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को सौंपी

  • 6 महीने तक चाय में जहर मिलाने का दावा
  • हिडन कैमरे में कैद होने का आरोप
  • पत्नी के खिलाफ केस दर्ज, दोनों पक्षों ने कराई शिकायत
  • पुलिस ने जांच शुरू की

कानपुर। कानपुर में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) ने अपनी पत्नी पर परिवार को चाय में स्लो पॉइजन देकर नुकसान पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि पिछले छह महीने से पत्नी चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर उन्हें और उनके माता-पिता को पिला रही थी। माता-पिता को खून की उल्टियां होने के बाद उन्हें शक हुआ।

हिडन कैमरे में कैद होने का दावा

पीड़ित ने बताया कि शक होने पर उन्होंने घर में हिडन कैमरे लगवाए। उनका आरोप है कि कैमरे की रिकॉर्डिंग में पत्नी चाय में जहरीला पदार्थ मिलाती हुई दिखाई दी। उन्होंने यह फुटेज पत्नी को दिखाई, जिसके बाद वह घर छोड़कर चली गई।

कमिश्नर से की शिकायत

चार्टर्ड अकाउंटेंट ने बताया कि 23 जुलाई को उन्होंने सीसीटीवी फुटेज और डॉक्टरों की रिपोर्ट के साथ पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल को शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराए केस

डीसीपी कासिम आब्दी के अनुसार, डॉक्टरों के बयान दर्ज करने के बाद 25 जुलाई को महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। वहीं महिला ने भी अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मामला दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो साल पहले हुई थी शादी

यह मामला रावतपुर थाना क्षेत्र का है। हिमांशु गुप्ता (32) पुणे में चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी ज्योति गुप्ता (30) चौबेपुर के एक सरकारी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन हैं। दोनों की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button