
- दहेज के लिए 35 लाख की मांग
- पति ने पेट्रोल डालकर लगाई आग
- बचाने पहुंची बहन को भी पीटा
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दहेज की लालच में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को बेटे के सामने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। महिला पर ससुराल वाले लगातार 35 लाख रुपए लाने का दबाव बना रहे थे।
शादी के 9 साल बाद भी दहेज की मांग
मृतका निक्की की शादी 9 साल पहले सिरसा गांव निवासी विपिन भाटी से हुई थी। शादी के समय मायके वालों ने स्कॉर्पियो समेत हैसियत से ज्यादा दहेज दिया था। इसके बावजूद पति और ससुराल वाले 35 लाख रुपए की अतिरिक्त डिमांड कर रहे थे। निक्की के मना करने पर उसे आए दिन प्रताड़ित किया जाता था।
पति ने बेरहमी से दी मौत, बहन को भी पीटा
21 अगस्त को विवाद इतना बढ़ गया कि पति विपिन और उसकी मां ने निक्की को लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। महिला गिड़गिड़ाती रही, लेकिन दोनों ने उसकी एक न सुनी। आरोप है कि इसके बाद पति ने निक्की पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बचाने और वीडियो बनाने पहुंची उसकी बहन को भी विपिन ने पीटा।
वीडियो में दिखा दर्दनाक मंजर
वीडियो में निक्की को सीढ़ियों से नीचे भागते हुए देखा जा सकता है। वह आग में झुलसकर मदद के लिए चीख रही थी। पड़ोसियों ने चीख सुनकर दौड़ लगाई और कंबल डालकर आग बुझाई। इसके बाद उसे फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर हालत के कारण डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। 22 अगस्त को महिला ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने किया एनकाउंटर कर आरोपी को पकड़ा
महिला की मौत के बाद उसकी बहन की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर 23 अगस्त को पति विपिन को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को मेडिकल के लिए ले जाते समय आरोपी दरोगा की पिस्टल लेकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे सिरसा चौराहे के पास पैर में गोली मारकर दबोच लिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
‘मुझे कोई पछतावा नहीं’ – आरोपी
पकड़े जाने के बाद आरोपी विपिन ने कहा, “मुझे गलती का कोई पछतावा नहीं है। न मैंने मारा है और न कुछ किया है। अपने आप मरी है। मियां-बीवी में लड़ाई होती रहती है।”
पुलिस ने आरोपी के पास से निक्की को जलाने में इस्तेमाल किया गया थिनर भी बरामद किया है।
परिवार का आरोप – शादी के बाद से हो रही थी प्रताड़ना
मृतका के चाचा राज सिंह ने बताया कि दिसंबर 2016 में भतीजियों कंचन और निक्की की शादी क्रमशः रोहित और विपिन से की गई थी। शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी समेत हैसियत से ज्यादा दान-दहेज दिया था, लेकिन इसके बाद ससुराल वाले 35 लाख रुपए की डिमांड करने लगे। कई बार पंचायत हुई, लेकिन आरोपी अपनी मांग पर अड़े रहे और अब निक्की की जान ले ली गई।









