पत्नी के चरित्र पर शक में पति बना हैवान, पीट-पीटकर की हत्या

पत्नी के चरित्र पर शक में पति बना हैवान, पीट-पीटकर की हत्या

महाराष्ट्र : चांदूर बाजार तहसील के ग्राम जवला शहापुर से घरेलू हिंसा और हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी ऋषिकेश उर्फ सनी श्रीकृष्ण आठवले को अपनी पत्नी प्रियांशी के चरित्र पर लंबे समय से संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि 4 मई की शाम करीब 5:35 बजे दोनों के बीच फिर से झगड़ा शुरू हुआ, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से पत्नी के माथे, चेहरे और छाती पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उसने प्रियांशी को लात-घूंसों से पीटना जारी रखा। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गांव के पुलिस पाटिल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button