दुबई। आईसीसी ने पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप 2021 की अपनी टीम घोषित कर दी है लेकिन इस टीम में किसी भी भारतीय क्रिकेटर का नाम नहीं है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को आईसीसी टीम का कप्तान बनाया गया है।
दरअसल टी-20 विश्व कप 2021 के समापन के बाद आईसीसी ने टूर्नामेंट की टीम का एलान किया है। हैरानी की बात यह है कि इस टीम में एक भी भारतीय खिलाड़ी को शामिल नहीं किया गया है, जिसका कारण भारतीय टीम का टी-20 विश्व कप में लचर प्रदर्शन रहा है। भारतीय टीम सेमीफइनल में नहीं पहुंच पाई। भारत के बहुचर्चित बल्लेबाज और गेंदबाज पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए अहम लीग मैचों में फ्लॉप रहे। भारतीय क्रिकेटरों ने अफगानिस्तान, स्कॉटलैंड और नामीबिया के खिलाफ आखिरी तीन मैचों में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन यह उन्हें आईसीसी की टूर्नामेंट की टीम में शामिल होने में मदद करने के लिए पर्याप्त नहीं था जबकि दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका जैसी टीमों के खिलाड़ियों का नाम इसमें शामिल है।
वहीं पाकिस्तान के बाबर आजम को आईसीसी ने अपने टूर्नामेंट की टीम का कप्तान बनाया है। उनके प्रदर्शन के आधार पर चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, उपविजेता न्यूजीलैंड, सेमीफाइनलिस्ट इंग्लैंड और पाकिस्तान के साथ-साथ श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी आईसीसी की पुरुष टी-20 विश्व कप टीम में शामिल हैं।
पहली बार चैंपियन बने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सलामी बल्लेबाज और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी डेविड वॉर्नर, लेग स्पिनर एडम जंपा और तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को टीम में लिया गया है।वॉर्नर ने 48.16 के औसत के साथ टूर्नामेंट में कुल 289 रन ( दूसरा सर्वाधिक स्कोर ) बनाए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को अपना पहला आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप का खिताब जितवाने में अहम भूमिका निभाई।








