अंबेडकरनगर। जनपद के अकबरपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत मेदीपुर गांव में एक लेखपाल के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और शासकीय दस्तावेज फाड़े जाने का मामला सामने आया है। घटना 8 जुलाई को उस समय हुई जब डल्ला निजामपुर एवं सारंगपुर के राजस्व लेखपाल कैलाश गौतम गांव में आईजीआरएस प्रार्थना पत्र की जांच के सिलसिले में पहुंचे थे।
लेखपाल की ओर से दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार, वह गांव निवासी गोविंद की शिकायत के निस्तारण हेतु आवश्यक अभिलेखीय एवं स्थलीय जांच कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही जयप्रकाश, अमित और मिठाईलाल वहां पहुंच गए और लेखपाल से पहले तीखी बहस की। आरोप है कि बातचीत के दौरान तीनों ने सरकारी दस्तावेज खसरा को लेखपाल के हाथ से छीनकर फाड़ दिया और आईजीआरएस प्रार्थना पत्र को भी छीना।
लेखपाल कैलाश गौतम ने अपनी तहरीर में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपितों ने उन्हें अपशब्द कहे और गांव से न हटने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना से शासन-प्रशासन की ओर से प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच में बाधा उत्पन्न होने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
घटना की जानकारी होते ही प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








