- स्वास्थ्य अधीक्षक बोले – जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
- स्थानीय लोगों ने नेताओं की मिलीभगत और लापरवाही का लगाया आरोप
- स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
अम्बेडकरनगर। जिले के भियाँव ब्लॉक अंतर्गत कटका बाजार में संचालित एक अवैध क्लिनिक का मामला प्रकाश में आया है, जहां रमाशंकर निषाद नामक व्यक्ति बिना किसी मेडिकल डिग्री या प्रशिक्षण के महिलाओं की बच्चेदानी का ऑपरेशन कर रहा था। सूत्रों के अनुसार, वह नाबालिग लड़कियों का अवैध गर्भपात भी करता है।
बिना योग्यता चल रही थी लैब, ऑपरेशन के दो दिन बाद मिली महिला
मौके पर जांच करने पहुंचे लोगों को क्लिनिक में एक महिला मिली, जिसका दो दिन पूर्व बच्चेदानी का ऑपरेशन किया गया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि रमाशंकर का भाई राम लखन निषाद क्लिनिक में बिना किसी प्रयोगशाला तकनीशियन की योग्यता के लैब संचालित कर रहा है।
बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का भी अभाव
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि क्लिनिक में ऑक्सीजन सिलेंडर, रेफरल की व्यवस्था, आपातकालीन दवाएं जैसी अनिवार्य चिकित्सा सुविधाएं मौजूद नहीं थीं। ऐसे में गंभीर स्थिति में आने वाले मरीजों की जान जोखिम में डालना निश्चित माना जा रहा है।
सीएचसी अधीक्षक ने दी जांच और कार्रवाई की बात
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरा के अधीक्षक डॉ. उमेश चौहान ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मानकों के उल्लंघन के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अगर आरोप सही पाए गए तो क्लिनिक सील कर दिया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस अवैध क्लिनिक के संचालन में क्षेत्रीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौन सहमति और पैरवी है। इसी कारण स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कार्रवाई से बचते रहे और क्लिनिक खुलेआम संचालित होता रहा।








