हिमाचल में बारिश और तूफान से बदला मौसम

शिमला समेत कई जिलों में तापमान में आई भारी गिरावट

  • शिमला समेत कई जिलों में सुबह हुई बारिश
  • तेज तूफान से टूटी बिजली लाइनें, कई क्षेत्रों में बिजली गुल
  • बारिश के बाद तापमान में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट
  • लोगों को गर्मी से मिली राहत, मौसम हुआ सुहावना

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत राज्य के कई हिस्सों में शनिवार सुबह बारिश होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। शिमला में करीब तीन घंटे तक बारिश होने के बाद मौसम साफ हुआ। इससे पहले शुक्रवार रात भी कई क्षेत्रों में तेज बारिश और तूफान दर्ज किया गया। तेज हवाओं के कारण सुजानपुर के चमियाना क्षेत्र में हाईटेंशन बिजली लाइन टूट गई, जबकि कांगड़ा में तूफान के बाद करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में मंडी जिले के पंडोह में सबसे अधिक 37.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नैना देवी में 34.6 मिमी, गुलेड़ में 25.8 मिमी, कांगड़ा में 20.5 मिमी, सुंदरनगर में 20.3 मिमी, गोहर में 20.0 मिमी और शिमला में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। राज्य के कई अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।

बारिश के बाद प्रदेशभर में मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान 28 मई को 20 डिग्री सेल्सियस था, जो घटकर 11.5 डिग्री सेल्सियस रह गया। वहीं कांगड़ा का न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री से गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

अधिकतम तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ। कुफरी में सबसे अधिक 6.3 डिग्री की गिरावट के बाद अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button