15 से 31 जुलाई तक लगेगा आयकर विभाग का विशेष शिविर

कर संबंधी लंबित मामलों का होगा निस्तारण

  • बकाया मांग, रिफंड, टीडीएस, पैन-आधार और ई-फाइलिंग समेत कई समस्याओं का एक ही स्थान पर मिलेगा समाधान

अंबेडकरनगर। आयकर विभाग ने जिले के करदाताओं की लंबित कर संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए 15 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक ‘बकाया मांग एवं जन शिकायत निवारण शिविर’ आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह शिविर आयकर अधिकारी, अंबेडकरनगर के कार्यालय में लगाया जाएगा।

आयकर अधिकारी सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि शिविर का उद्देश्य करदाताओं की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। शिविर के दौरान करदाता आयकर विभाग से जुड़े विभिन्न मामलों का निस्तारण एक ही स्थान पर करा सकेंगे।

इन मामलों का होगा निस्तारण

शिविर में बकाया मांग, चालान संशोधन, टीडीएस से जुड़ी विसंगतियां, आयकर रिफंड, ई-फाइलिंग में आने वाली तकनीकी समस्याएं, सुधार याचिकाएं, अपील प्रभाव (Appeal Effect), पैन-आधार से जुड़े मामले तथा अन्य आयकर संबंधी शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी। संबंधित मामलों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर करदाता अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं।

करदाताओं से शिविर का लाभ उठाने की अपील

आयकर विभाग ने जिले के सभी करदाताओं, कर सलाहकारों, अधिवक्ताओं और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स से निर्धारित अवधि के दौरान शिविर में पहुंचकर लंबित मामलों का निस्तारण कराने की अपील की है। विभाग का कहना है कि इससे करदाताओं को अलग-अलग प्रक्रियाओं के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और कर संबंधी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button