भारत ने पहली बार 12 परमाणु हथियार किए तैनात, भंडार बढ़कर 190 हुआ

SIPRI रिपोर्ट में खुलासा; दुनिया नए परमाणु हथियारों की दौड़ की ओर बढ़ रही, पाकिस्तान के पास 170 परमाणु हथियार

नई दिल्ली। भारत ने पहली बार 12 परमाणु हथियारों को सक्रिय रूप से तैनात किया है। साथ ही देश के कुल परमाणु हथियारों की संख्या बढ़कर 190 हो गई है। यह जानकारी स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की ताजा इयरबुक 2026 में सामने आई है।

रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में भारत ने कोई भी परमाणु हथियार तैनात नहीं किया था, जबकि 2026 में 12 परमाणु हथियारों की तैनाती दर्ज की गई है। SIPRI का अनुमान है कि भारत का परमाणु भंडार 180 से बढ़कर 190 हथियारों तक पहुंच गया है। वहीं पाकिस्तान के पास 170 परमाणु हथियार हैं और उसकी संख्या में कोई वृद्धि नहीं हुई है। हालांकि पाकिस्तान के कितने हथियार तैनात हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी रिपोर्ट में नहीं दी गई है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत, अमेरिका और रूस की तरह अपने परमाणु हथियारों की सटीक संख्या, क्षमता और तैनाती से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं करता। इसलिए SIPRI समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं उपलब्ध आंकड़ों और अनुमानों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करती हैं।

SIPRI इयरबुक 2026 के अनुसार दुनिया एक नए परमाणु प्रतिस्पर्धा के दौर में प्रवेश कर रही है। अमेरिका, रूस, चीन, भारत और पाकिस्तान समेत सभी परमाणु शक्ति संपन्न देश अपने परमाणु हथियारों और उन्हें ले जाने वाले डिलीवरी सिस्टम को तेजी से आधुनिक बना रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2026 की शुरुआत में दुनिया के नौ देशों—अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, भारत, पाकिस्तान, उत्तर कोरिया और इजराइल—के पास कुल 12,187 परमाणु हथियार मौजूद हैं। इनमें से 9,745 हथियार सैन्य भंडार में रखे गए हैं और जरूरत पड़ने पर तत्काल इस्तेमाल के लिए तैयार माने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button