- भारत ने पाकिस्तान के 16 यू-ट्यूब चैनल्स पर बैन क्यों लगाया
- पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार का बड़ा कदम-पाकिस्तान चैनल्स पर प्रतिबंध
- पाकिस्तान के इन 16 यू-ट्यूब चैनल्स पर क्यों लगा बैन
जम्मू- कश्मीर। भारत सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले की रिपोर्टिंग को लेकर कई पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इनमें क्रिकेटर शोएब अख्तर का चैनल, डॉन न्यूज, समा टीवी और जिओ न्यूज शामिल हैं। सरकार का आरोप है कि ये चैनल भारत, भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ झूठी, भ्रामक और सांप्रदायिक खबरें फैला रहे हैं।
16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर बैन
गृह मंत्रालय की सिफारिश पर केंद्र सरकार ने कुल 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों को ब्लॉक कर दिया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, इन चैनलों द्वारा भारत के खिलाफ नफरत फैलाने वाली और गलत सूचनाएं प्रसारित की जा रही थीं, जिसके बाद यह कड़ा कदम उठाया गया।
पहलगाम में आतंकी हमला, 26 लोगों की मौत
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने पर्यटकों को निशाना बनाकर जघन्य हमला किया था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई। यह हमला पहलगाम की प्रसिद्ध बैसरन घाटी में हुआ, जहां आतंकियों ने बिना किसी चेतावनी के गोलीबारी शुरू कर दी। 2019 के पुलवामा हमले के बाद यह कश्मीर घाटी में सबसे भीषण आतंकी घटनाओं में से एक मानी जा रही है।
सरकार ने कहा कि पाकिस्तानी मीडिया प्लेटफॉर्म्स द्वारा इस घटना की गलत रिपोर्टिंग और भारत विरोधी प्रचार को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। साथ ही, सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी संगठनों के साथ इन चैनलों के संबंधों की भी जांच शुरू कर दी है।








