
मुंबई। 3 फरवरी को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखी गई। सेंसेक्स 2.54% यानी 2,073 अंक चढ़कर 83,739 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 2.55% या 639 अंक की तेजी के साथ 25,728 पर बंद हुआ।
विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार में आई यह तेजी अमेरिका और भारत के बीच हाल ही में हुए ट्रेड डील के ऐलान के कारण है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ को घटाकर 18% कर दिया है, जिससे निवेशकों का उत्साह बढ़ा और शेयरों में तेजी आई।
आज रियल्टी, मेटल और फार्मा शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी रही। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 4.79% बढ़कर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में और निफ्टी के 50 शेयरों में से 46 में तेजी दर्ज की गई।
जानकारी के अनुसार, 1 फरवरी को बजट में STT टैक्स बढ़ने के ऐलान के बाद सेंसेक्स 1,546 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ था। इसके बाद 2 फरवरी को सेंसेक्स में 943 अंकों की बढ़त हुई थी। आज के अमेरिका-भारत ट्रेड डील के ऐलान ने बाजार में मजबूती लाकर निवेशकों का भरोसा और बढ़ा दिया।








