कोलकाता। ईडन गार्डन्स में खेले गए रोमांचक टेस्ट मुकाबले में भारत को साउथ अफ्रीका के हाथों 30 रन की हार का सामना करना पड़ा। घरेलू मैदान पर यह भारत की प्रोटियाज़ के खिलाफ 15 साल बाद पहली हार है। इससे पहले टीम इंडिया को 2010 में नागपुर टेस्ट में ग्रीम स्मिथ की कप्तानी वाली टीम ने हराया था।
भारत को जीत के लिए 124 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम 93 रन पर लड़खड़ा गई। भारतीय कप्तान शुभमन गिल गर्दन में ऐंठन के कारण अंतिम दिन बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। टीम की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने सर्वाधिक 31 रन की पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके।
साउथ अफ्रीका के स्पिनर साइमन हार्मर मैच के हीरो रहे। उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर 8 विकेट हासिल किए और भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। मैच में एकमात्र अर्धशतक अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा के बल्ले से निकला। उन्होंने दूसरी पारी में 55 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
मैच के पहले दिन प्रोटियाज़ ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी और पहली पारी में 159 रन बनाए। जवाब में भारत ने 189 रन बनाकर 30 रन की बढ़त हासिल की। हालांकि दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका 153 पर सिमट गई, लेकिन भारत लक्ष्य का पीछा करते हुए दबाव में ढह गया।








