वाराणसी एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ानों का भयंकर संकट, यात्रियों में हंगामा

बुजुर्ग और बीमार यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी

इंडिगो काउंटर से केवल रिफंड की सलाह मिली

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार को इंडिगो एयरलाइंस की 22 उड़ानें अचानक रद्द हो गईं, जिससे यात्रियों में अफरातफरी और नाराजगी का माहौल बन गया। रद्द उड़ानों का असर एयरपोर्ट पर आगमन और प्रस्थान दोनों सेवाओं पर देखने को मिला।

सैकड़ों यात्री फ्लाइट कैंसिल होने के कारण परेशान रहे। एयरपोर्ट पर पहुंचे कई लोग एयरलाइन के काउंटर पर कर्मचारियों से जानकारी लेने गए, लेकिन यहां नोकझोंक की घटनाएं भी सामने आईं। कई यात्रियों को मुख्य टर्मिनल भवन और सिक्योरिटी होल्ड एरिया में घंटों फंसे रहना पड़ा। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार यात्रियों के लिए यह स्थिति और भी कठिन रही।

इंडिगो के काउंटर से यात्रियों को केवल यह उत्तर मिला कि “सॉरी सर, आप पैसे वापस ले सकते हैं।” किसी को उड़ानों की वैकल्पिक जानकारी नहीं दी गई। वाराणसी से बेंगलुरु जाने वाले यात्री निरंजन ज्योति ने बताया कि उनकी फ्लाइट सुबह 3:30 बजे थी, लेकिन एयरलाइन की तरफ से किसी भी प्रकार का कैंसिलेशन मैसेज नहीं आया।

यात्री अनिल कुमार ने बताया कि उनके साथ हार्ट पेशेंट और चार वरिष्ठ नागरिक भी थे। वे एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनकी फ्लाइट भी रद्द हो चुकी है। “अब हमें समझ नहीं आ रहा कि क्या करें और बेंगलुरु पहुंचेंगे तो कैसे पहुंचे,” उन्होंने कहा।

इंडिगो एयरलाइन की तकनीकी खामियों और उड़ानों की रद्दीकरण की वजह से लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ यात्री शादी या महत्वपूर्ण मीटिंग के लिए यात्रा कर रहे थे, जो अब प्रभावित हो गई है। एयरपोर्ट अधिकारियों और इंडिगो कर्मचारियों से संतोषजनक जवाब न मिलने के कारण यात्रियों की नाराजगी और बढ़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button