- इंडिगो को FY26 की पहली तिमाही में ₹2,161 करोड़ का मुनाफा
- मुनाफा पिछले साल की तुलना में 21% कम
- रेवेन्यू 5% बढ़कर ₹20,496 करोड़ पहुंचा
नई दिल्ली। भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो का संचालन करने वाली कंपनी इंटरग्लोब एविएशन ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस दौरान कंपनी को ₹2,161 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ है, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 21% कम है। बीते वर्ष इसी तिमाही में कंपनी ने ₹2,726 करोड़ का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था।
राजस्व में दिखी 5% की बढ़ोतरी
ऑपरेशन से इंडिगो की आय इस तिमाही में 5% बढ़कर ₹20,496 करोड़ हो गई, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह ₹19,570 करोड़ थी। कंपनी ने बुधवार, 30 जुलाई को ये तिमाही और सालाना नतीजे सार्वजनिक किए।
शेयर बाजार में प्रदर्शन मिला-जुला
इंडिगो का शेयर आज 0.67% की गिरावट के साथ ₹5,718 पर बंद हुआ। एक महीने में शेयर में 4% की गिरावट देखी गई, जबकि छह महीने में यह 35% और एक साल में 28% ऊपर चढ़ा है। कंपनी का मार्केट कैप इस समय ₹2.21 लाख करोड़ है।








