टीचर के टॉर्चर से परेशान 14 वर्षीय छात्र ने जन्मदिन पर की आत्महत्या

  • स्कूल टॉर्चर से परेशान होने का आरोप
  • कमरे से मिली फटी हुई पर्ची
  • पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

कानपुर। बर्रा-2 इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां हेड कांस्टेबल के 14 वर्षीय बेटे आयुष प्रताप सिंह ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस दिन उसने यह कदम उठाया, उसी दिन उसका जन्मदिन भी था।

परिजनों के अनुसार, आयुष लंबे समय से स्कूल में टीचरों के टॉर्चर से परेशान था। बताया जा रहा है कि उसने आत्महत्या से पहले एक पर्ची पर कुछ लिखा था, जिसे बाद में फाड़ दिया गया।

आयुष के पिता राकेश कुमार, जो लखनऊ में हेड कांस्टेबल हैं, ने बताया कि बेटा अपने जन्मदिन पर गिटार गिफ्ट में मांग रहा था और बेहद खुश था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह ऐसा कदम उठा लेगा।

घटना के समय पिता परिवार के साथ कौशांबी में एक शादी समारोह में गए हुए थे। शुक्रवार शाम बड़े बेटे ने फोन कर सूचना दी कि आयुष अपने कमरे में बंद है और दरवाजा नहीं खोल रहा है। जब दरवाजा तोड़ा गया तो वह फंदे से लटका मिला।

सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे से एक फटी हुई पर्ची भी बरामद हुई है। पिता ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण उनके बेटे ने आत्महत्या की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button