
अम्बेडकरनगर में स्कूली वाहनों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। जिले के 132 ऐसे विद्यालय चिन्हित किए गए हैं, जिनके पास वाहन तो हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक उनका विवरण परिवहन विभाग के पोर्टल पर अपडेट नहीं किया है।
इस स्थिति को गंभीर मानते हुए विभाग ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
छह टीमें कर रही स्थलीय निरीक्षण
उपसंभागीय परिवहन अधिकारी सतेंद्र यादव के अनुसार, स्कूल वाहनों की जांच के लिए छह विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें विभिन्न तहसीलों में जाकर स्कूल वाहनों का स्थलीय निरीक्षण कर रही हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के UP-ISVMP पोर्टल पर वाहनों को ऑनबोर्ड कर ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
सुरक्षा मानकों की कड़ी जांच
निरीक्षण के दौरान स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। इसमें वाहन का पीले रंग में होना, दोनों तरफ चालक और प्रबंधक के मोबाइल नंबर, सेफ्टी रॉड, आपातकालीन दरवाजा और अग्निशामक यंत्र की उपलब्धता शामिल है। इन मानकों का पालन न करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।
950 वाहन पोर्टल पर दर्ज, 275 स्कूल ऑनबोर्ड
विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक 275 विद्यालय पोर्टल पर ऑनबोर्ड हो चुके हैं। इन विद्यालयों द्वारा 950 स्कूल वाहनों का पंजीकरण कराया गया है। वहीं, परिवहन विभाग ने 829 वाहनों का निरीक्षण कर उनकी लाइव फोटो पोर्टल पर अपलोड की है।
132 विद्यालयों की लापरवाही सामने आई
हालांकि 132 विद्यालय अभी भी पोर्टल पर अपने वाहन विवरण अपडेट नहीं कर रहे हैं। इससे सभी वाहनों का ऑनलाइन सत्यापन पूरा नहीं हो पा रहा है। विभाग ने इस पर नाराजगी जताई है।









