
आधी रात सड़क घेरकर निकाली गई बारात, यातायात ठप
वैष्णवी लॉन के सामने 75% सड़क कवर करने का आरोप
तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस सख्त
वाराणसी। शहर में यातायात व्यवस्था बाधित करने पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार की आधी रात सड़क घेरकर बारात निकालने और तेज आवाज में डीजे बजाने का मामला सामने आने पर पुलिस ने लॉन संचालक, बैंड बाजा और लाइट मास्टर के खिलाफ कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से बरातियों और घरातियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, भेलूपुर क्षेत्र में वैष्णवी लॉन के सामने सड़क पर बारात निकाली जा रही थी, जिससे करीब 75 प्रतिशत सड़क कवर हो गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। ट्रैफिक में रुकावट की सूचना मिलते ही एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर उन्होंने डीजे, लाइट संचालक और लॉन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने बताया कि तेज आवाज में डीजे बजाने और बिना अनुमति सड़क घेरकर आयोजन करने के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात व्यवस्था बाधित होने पर तत्काल कार्रवाई की गई और स्थिति को नियंत्रित कराया गया।









