
अम्बेडकरनगर। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जिला प्रशासन ने नगर निकायों में सफाई और जल निकासी व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर नालों की सफाई और जलभराव रोकने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्सना बंधु तथा विभिन्न नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं सत्यापन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
हर नाले की बनेगी अलग कार्ययोजना
जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों को निर्देशित किया कि मानसून आने से पहले क्षेत्र के सभी प्रमुख और छोटे नालों की सफाई अभियान चलाकर पूरी कराई जाए। इसके लिए नालेवार और तिथिवार कार्ययोजना तैयार कर प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि सफाई कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका प्रभाव भी दिखाई देना चाहिए। प्रत्येक नगर निकाय यह सुनिश्चित करे कि वर्षा के दौरान जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा न आए और जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
सफाई के बाद होगा गुणवत्ता का सत्यापन
बैठक में नालों की सफाई के बाद उसके सत्यापन पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक नाले की सफाई पूरी होने के बाद सत्यापन समिति मौके पर जाकर कार्य की गुणवत्ता की जांच करे और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
उन्होंने कहा कि जिन नालों की सफाई पहले ही कराई जा चुकी है, उनका भी सत्यापन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि सफाई कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हुआ है या नहीं।









