स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं का इंतजार खत्म

तीन करोड़ से अधिक के बिजली बिल जारी

अंबेडकरनगर। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लंबे इंतजार के बाद मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने जिले के चारों डिवीजन के उपभोक्ताओं के बिजली बिल जारी कर दिए हैं। अकबरपुर, जलालपुर, टांडा और आलापुर डिवीजन से जुड़े करीब 60 हजार स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के जून माह में लगभग तीन करोड़ चार लाख रुपये के बिल जनरेट किए गए हैं।

बिल जारी होने के साथ ही उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर इसकी सूचना भी भेजी गई। कई दिनों से बिल का इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं को इससे राहत मिली है। अब उपभोक्ता अपने बकाया भुगतान की स्थिति स्पष्ट रूप से देख सकेंगे और निर्धारित माध्यमों से भुगतान कर सकेंगे।

ऊर्जावान एप, यूपीपीसीएल एप और काउंटरों पर उपलब्ध है बिल

विद्युत निगम के अनुसार उपभोक्ता अपना बिजली बिल ऊर्जावान एप, यूपीपीसीएल एप, विभाग की आधिकारिक वेबसाइट तथा नजदीकी बिलिंग काउंटरों से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा बिल की जानकारी सीधे मोबाइल फोन पर भी उपलब्ध कराई गई है।

जिले में कुल करीब चार लाख 30 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें लगभग एक लाख उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। इनमें से 60 हजार स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के बिल इस चरण में जारी किए गए हैं।

प्रीपेड से पोस्टपेड में बदलाव के बाद रुकी थी बिलिंग प्रक्रिया

विद्युत निगम ने फरवरी माह में करीब 60 हजार स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड व्यवस्था में परिवर्तित किया था। हालांकि जनप्रतिनिधियों और उपभोक्ताओं के विरोध के बाद मार्च में इन मीटरों को फिर से पोस्टपेड व्यवस्था में बदल दिया गया।

इस प्रक्रिया के बाद अप्रैल और मई माह के बिजली बिल जनरेट नहीं हो सके थे। बिल जारी न होने के कारण उपभोक्ताओं की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं। विभाग ने आठ जून से 13 जून के बीच लंबित बिलों को जारी करने की प्रक्रिया पूरी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button