स्कूली वाहनों की सघन जांच

फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों की जांच, कई वाहनों का चालान

अंबेडकरनगर। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने शुक्रवार को संयुक्त अभियान चलाया। यह अभियान 6 मई से 9 मई तक चलाए जा रहे चार दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान के तहत किया गया।

क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात प्रभारी और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने कई स्कूलों के वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान श्री कृष्ण चिल्ड्रेन सेंट्रल एकेडमी, गंगा चिल्ड्रेन एकेडमी, आरजेएस पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल, कप्तान सिंह मेमोरियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, सूर्यकेशरी पब्लिक स्कूल, संत द्वारिका प्रसाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आरकेएन पब्लिक स्कूल, एमकेडी पब्लिक स्कूल, बीआरआईडी चिल्ड्रेन एकेडमी, केडी कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल और सेंट जेवियर्स हाई स्कूल समेत कई विद्यालयों के वाहनों की जांच की गई।

सुरक्षा उपकरणों की हुई जांच

चेकिंग के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। इसके साथ ही वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और स्पीड गवर्नर की उपलब्धता भी देखी गई।

जांच में जिन वाहनों में कमियां मिलीं, उनके खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। वाहन संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

स्कूल प्रबंधन को भी दिए निर्देश

संयुक्त टीम ने स्कूल प्रबंधकों और वाहन चालकों को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि सभी स्कूल वाहन निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित होने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button