- 30 गंभीर उल्लंघन वाले वाहनों को सीज किया गया
- थानावार टीमों और मोबाइल पेट्रोलिंग के साथ प्रमुख मार्गों पर निगरानी
- अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं में कमी
अंबेडकरनगर। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए चलाया जा रहा सघन वाहन चेकिंग अभियान लगातार प्रभावी परिणाम दे रहा है। 1 अप्रैल 2025 से प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत पुलिस विभाग द्वारा अब तक हजारों वाहनों की जांच की जा चुकी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
25 अक्टूबर को 61 वाहनों का चालान
शनिवार को जिलेभर में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 61 वाहनों का चालान किया। यातायात पुलिस के साथ स्थानीय थानों की टीमें भी चेकिंग में शामिल रहीं। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट न लगाने, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने और कागजात अधूरे होने जैसी स्थितियों में चालान की कार्रवाई की गई।
1 अक्टूबर से अब तक 5043 चालान
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 1 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2025 तक कुल 5043 वाहनों का चालान किया गया है। इनमें दोपहिया, चारपहिया, मालवाहक और वाणिज्यिक वाहन शामिल हैं। नियम तोड़ने वाले चालकों से कुल 1,66,050 रुपये शमन शुल्क जमा कराया गया है। इसके अलावा, गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 30 वाहनों को सीज किया गया है।








