अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026: राज्य स्तरीय तीन प्रतियोगिताएं

17 जून तक ऑनलाइन आवेदन

  • स्लोगन, पोस्टर और योगासन प्रतियोगिता में मिलेंगे नकद पुरस्कार

अंबेडकरनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर आयुष विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से राज्य स्तरीय तीन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनसामान्य में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।

प्रतियोगिताओं में स्लोगन लेखन, योग चित्रकला (पोस्टर) और योगासन प्रदर्शन शामिल हैं। इच्छुक प्रतिभागी आयुष विभाग के कवच पोर्टल https://kavach.upayush.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 17 जून 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।

प्रदेश के सभी नागरिक कर सकते हैं प्रतिभाग

आयुष विभाग के अनुसार इन प्रतियोगिताओं में प्रदेश का कोई भी नागरिक भाग ले सकता है। स्लोगन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को हिंदी में दो से चार पंक्तियों का योग विषयक स्लोगन प्रस्तुत करना होगा।

योग चित्रकला प्रतियोगिता में 70×56 सेंटीमीटर आकार के चार्ट पेपर पर हाथ से तैयार पोस्टर जमा करना होगा। वहीं योगासन प्रतियोगिता में अधिकतम एक मिनट का वीडियो अपलोड करना अनिवार्य होगा। यह प्रतियोगिता व्यक्तिगत श्रेणी में होगी।

प्रत्येक प्रतियोगिता में आकर्षक पुरस्कार

तीनों प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपये, द्वितीय 11 हजार रुपये, तृतीय 5,100 रुपये, चतुर्थ 2,100 रुपये और पंचम 1,100 रुपये निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक प्रतियोगिता के लिए कुल पुरस्कार राशि 40,300 रुपये रहेगी। तीनों प्रतियोगिताओं में कुल 1,20,900 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

विभिन्न संस्थानों को भी अवसर

प्रतियोगिताओं में विद्यालय, महाविद्यालय, युवा समूह, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और गैर सरकारी संगठन (NGO) भी भाग ले सकते हैं। विभाग ने अधिक से अधिक लोगों से प्रतिभाग कर योग अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button