
अंबेडकरनगर में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया। शनिवार को जिले के विभिन्न स्कूलों के वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान नियमों में खामियां मिलने पर 35 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में 6 मई से 9 मई तक चार दिवसीय स्कूली वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।
शनिवार को क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी यातायात और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने कई स्कूलों के वाहनों की जांच की। इस दौरान आरबी इंटर कॉलेज, सेंट जेवियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आरकेएन पब्लिक स्कूल, जेनियम कॉन्वेंट स्कूल, रजत पब्लिक स्कूल, शिव पब्लिक स्कूल, आरके पैसिफिक कॉलेज, भानमती स्मारक महाविद्यालय, डीवाइन पब्लिक स्कूल, गंगा चिल्ड्रेन एकेडमी, सूर्य केसरी पब्लिक स्कूल, साधना पब्लिक स्कूल और लिटिल फ्लावर पब्लिक स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थानों के वाहन चेक किए गए।
जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई। साथ ही फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और स्पीड गवर्नर की उपलब्धता भी जांची गई।
अधिकारियों के अनुसार, 35 वाहनों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गईं। इसके बाद संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही उन्हें भविष्य में सभी मानकों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई।
अभियान के दौरान विद्यालय प्रबंधकों और वाहन चालकों को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी स्कूल वाहन निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षा उपकरणों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखें।









