तेहरान। ईरान के संसद अध्यक्ष और अमेरिका-ईरान वार्ता के प्रमुख वार्ताकार मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह अहम समुद्री मार्ग अब युद्ध से पहले जैसी स्थिति में नहीं लौटेगा और इसकी निगरानी आगे ईरान अपने तरीके से करेगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान अंतरराष्ट्रीय नियमों और कानूनों का पालन करता रहेगा।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी प्रेस टीवी के मुताबिक, स्विट्जरलैंड में अमेरिका के साथ तकनीकी स्तर की बातचीत के पहले दौर के बाद गालिबाफ ने कहा कि ईरान को अमेरिका पर पहले भी भरोसा नहीं था और अब भी नहीं है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सतर्क रहना ही समझदारी होगी।
गालिबाफ ने कहा, “हमने कभी अमेरिकियों पर भरोसा नहीं किया, आज भी नहीं करते और भविष्य में भी सावधान रहने में ही समझदारी होगी।”
उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान अपने परमाणु ठिकानों की अंतरराष्ट्रीय जांच के लिए तैयार हो गया है। हालांकि ईरान ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है और कहा है कि परमाणु कार्यक्रम को लेकर कोई नई सहमति नहीं बनी है।
वहीं, स्विट्जरलैंड में हुई बातचीत के बाद अमेरिका ने ईरानी तेल पर लागू कुछ प्रतिबंधों में 60 दिनों की अस्थायी राहत देने का फैसला किया है, जिसे दोनों देशों के बीच जारी कूटनीतिक प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है।









