सीबी सिंह लॉ कॉलेज में राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का भव्य आगाज

प्रथम दिन उद्घाटन सत्र, रिसर्च टेस्ट और क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे मुकाबले

अम्बेडकरनगर के सीबी सिंह लॉ कॉलेज में 2 और 3 मई 2026 को आयोजित तृतीय प्रो. डॉ. शिव सहाय सिंह राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। उद्घाटन समारोह डॉ. विजय प्रताप सिंह कॉन्फ्रेंस हॉल में सुबह 11 बजे विधि-शास्त्रीय वातावरण में संपन्न हुआ।

उद्घाटन सत्र में देशभर से आईं टीमें शामिल

देश के विभिन्न विधि महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से आई टीमों का स्वागत मूट कोर्ट कमेटी के समन्वयक डॉ. अमित कुमार तिवारी और डॉ. संदीप श्रीवास्तव की टीम ने किया। कार्यक्रम से पहले रिसर्चर टेस्ट भी आयोजित किया गया।

हॉल, कोर्ट रूम और गैलरी की सजावट का दायित्व डॉ. निधि सिंह और उनकी टीम ने संभाला।

न्यायमूर्ति और शिक्षाविदों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सी. डी. सिंह मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. राजेंद्र प्रसाद नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. उषा टंडन शामिल हुईं।

इसके अलावा अतिरिक्त महाधिवक्ता कुलदीप पति त्रिपाठी, वरिष्ठ अधिवक्ता के. एस. भाटी और अवध विश्वविद्यालय के विधि विभाग के डीन प्रो. अजय सिंह भी उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने संस्थापक प्रो. डॉ. शिव सहाय सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

दीप प्रज्वलन से हुआ उद्घाटन

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर किया गया। मंच संचालन वसुंधरा सिंह और सुवासिनी कसौधन ने किया।

वक्ताओं ने छात्रों को दिया मार्गदर्शन

प्रो. उषा टंडन ने छात्रों को संवैधानिक मूल्यों और नैतिकता के प्रति सजग रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि न्याय के प्रति प्रतिबद्धता ही एक सफल विधिवेत्ता की पहचान है।

न्यायमूर्ति सी. डी. सिंह ने कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं छात्रों को न्यायालयीन प्रक्रिया, तर्क क्षमता और विधिक शोध की समझ प्रदान करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button