किसान दिवस में गूंजे सिंचाई और बिजली के मुद्दे

डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

  • डीएम ईशा प्रिया की अध्यक्षता में विकास भवन में हुई बैठक
  • माइनरों में पानी न पहुंचने और बिजली पोल हटाने की मांग
  • कृषि वैज्ञानिकों ने दी आधुनिक खेती की जानकारी

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में विकास भवन सभागार में शुक्रवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, कृषि वैज्ञानिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। किसान दिवस में किसानों ने खेती और ग्रामीण समस्याओं से जुड़े कई मुद्दे अधिकारियों के सामने रखे।

बैठक की शुरुआत पिछले किसान दिवस में उठाए गए मामलों की समीक्षा से हुई। उप कृषि निदेशक ने पिछली बैठक की कार्यवाही और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की। किसानों ने कई मामलों में हुई कार्रवाई पर संतोष जताया, लेकिन सिंचाई और बिजली से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

माइनरों में पानी नहीं पहुंचने की शिकायत

किसानों ने कहा कि कई क्षेत्रों में माइनरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे धान की खेती प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा खेतों के बीच लगे बिजली पोल हटाने की मांग भी उठाई गई। किसानों का कहना था कि पोल की वजह से खेती कार्य में दिक्कत होती है।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।

कृषि वैज्ञानिकों ने दी नई तकनीकों की जानकारी

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को हरी खाद के उपयोग, धान की नर्सरी उपचार और आधुनिक खेती तकनीकों की जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने बताया कि उन्नत खेती पद्धति अपनाने से फसल उत्पादन बढ़ाया जा सकता है और लागत भी कम की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button