नॉएडा। उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में नेतृत्व स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने नीतू समरा को तत्काल प्रभाव से अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। यह फैसला नियामकीय निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है।
BCAS नियमों के चलते लिया गया फैसला
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि यह बदलाव Bureau of Civil Aviation Security के नियमों के अनुसार किया गया है। नियमों के मुताबिक भारत में किसी भी एयरपोर्ट का CEO भारतीय नागरिक होना जरूरी है, इसी कारण यह नियुक्ति की गई।
क्रिस्टोफ स्कैनेलमैन की नई भूमिका
अब तक CEO रहे Christoph Schnellmann को एयरपोर्ट बोर्ड में एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी दी गई है। वे अब परियोजना और संचालन से जुड़े रणनीतिक फैसलों में सहयोग करेंगे।
अनुभव के साथ जिम्मेदारी संभालेंगी नीतू समरा
नीतू समरा 2021 से एयरपोर्ट परियोजना में CFO के रूप में जुड़ी रही हैं और उन्हें 20 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वित्तीय योजना, निवेश और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट में उनकी अहम भूमिका रही है। अब उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी एयरपोर्ट को समय पर संचालन के लिए तैयार करना और सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करना होगी।
संचालन शुरू करने पर फोकस
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, उद्घाटन के बाद जल्द से जल्द ऑपरेशन शुरू करना प्राथमिकता है। इस परियोजना के चालू होने से दिल्ली के एयरपोर्ट पर दबाव कम होगा और उत्तर भारत को एक बड़ा एविएशन हब मिलेगा।
भविष्य की दिशा तय करेगी परफॉर्मेंस
हालांकि यह नियुक्ति अस्थायी है, लेकिन नीतू समरा के कामकाज के आधार पर भविष्य में स्थायी नेतृत्व को लेकर निर्णय लिया जा सकता है।









