अंबेडकरनगर में 4 घरों से 8 लाख के जेवर-नगदी चोरी

अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार बीती रात चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया। मेंदीपुर और रौतापुर गांवों में हुई इन वारदातों में चोर करीब 8 लाख रुपये नकद और जेवर लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

रौतापुर गांव में ग्राम प्रधान राम अकबाल के घर में चोर छत के रास्ते घुसे। उन्होंने परिवार के सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद, चोरों ने दूसरे कमरे का दरवाजा और अलमारी का ताला तोड़कर लगभग 50 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, चार अंगूठियां, सोने की पायल और झुमके सहित करीब पांच लाख रुपये के जेवर चुरा लिए।

इसी तरह मेंदीपुर गांव में राजेश यादव, जगराम यादव और रामकरन यादव के घरों में भी छत के रास्ते घुसकर चोरों ने नकदी और लाखों के जेवर पर हाथ साफ किया।

सुबह जब परिजन सोकर उठे तो घर का सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी का पता चला। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पीड़ितों ने अकबरपुर थाने में चोरी की तहरीर भी दी है। अकबरपुर के प्रभारी निरीक्षक श्री निवास पांडेय ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button