मथुरा में घुड़चढ़ी पर जीजा का अनोखा तोहफा

दोनों सालों को पहनाई एक-एक करोड़ की माला- 500-500 रुपये के नए नोटों से बनीं 100 फीट लंबी मालाएं

मथुरा। शादियों में दूल्हे को तरह-तरह के उपहार मिलते हैं, लेकिन मथुरा में एक घुड़चढ़ी के दौरान जीजा ने अपने दोनों सालों को ऐसा तोहफा दिया, जिसे देखकर रिश्तेदार और ग्रामीण हैरान रह गए। जीजा ने दोनों दूल्हों को एक-एक करोड़ रुपये के नोटों से बनी माला पहनाई। प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी थी। इसकी लंबाई और वजन इतना अधिक था कि उसे संभालने के लिए कई लोगों को एक साथ जुटना पड़ा।

दो दूल्हों की घुड़चढ़ी में दिखा अनोखा नजारा

जानकारी के मुताबिक, नगला फोंदा गांव निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को घुड़चढ़ी निकाली जा रही थी। दोनों की शादी गोवर्धन स्थित एक मैरिज होम में होनी है। उनकी होने वाली दुल्हनें मुड़सेरस गांव की रहने वाली हैं।

जीजा ने 500 रुपये के नोटों से बनवाईं मालाएं

दोनों युवक मार्बल का कारोबार करते हैं। उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर राजस्थान के कामां क्षेत्र के नंदोला गांव के सरपंच हैं। उन्होंने अपने दोनों सालों को शादी के मौके पर यादगार तोहफा देने का फैसला किया।

इसके तहत उन्होंने 500-500 रुपये के नए नोटों से बनी एक-एक करोड़ रुपये की माला दोनों दूल्हों को पहनाई। दोनों मालाओं की लंबाई करीब 100 फीट बताई गई है।

माला संभालने के लिए कई लोग जुटे

मालाएं इतनी लंबी और भारी थीं कि उन्हें संभालना अकेले किसी के लिए संभव नहीं था। कई लोगों ने मिलकर दोनों मालाओं को उठाया। छत पर खड़े होकर दूल्हों को मालाएं पहनाई गईं। इस दौरान घुड़चढ़ी में शामिल रिश्तेदार और ग्रामीण इस नजारे को देखते रह गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button