मदद के बहाने लाखों के जेवर चोरी, चार गिरफ्तार

अम्बेडकरनगर। मदद के बहाने महिला यात्री के बैग से लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने वाले चार आरोपितों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित मुरादाबाद जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के जेवर बरामद किए हैं।

गोशाईगंज से बसखारी जा रही थी महिला

अयोध्या जिले के गोशाईगंज थाना क्षेत्र के गंजा गांव निवासी संगीता 11 फरवरी को अपने घर से मायके बसखारी के लिए निकली थीं। वह गोशाईगंज से बस द्वारा अकबरपुर डिपो पहुंचीं और दूसरी बस में सवार होने लगीं। इसी दौरान पहले से मौजूद चार अज्ञात व्यक्तियों ने मदद के बहाने उनका बैग पकड़ लिया और बस में चढ़ गए।

महिला को गुमराह कर आरोपितों ने बैग खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए। मायके पहुंचने पर बैग की जांच में चोरी का पता चला। इसके बाद परिजनों के साथ महिला ने अकबरपुर कोतवाली में तहरीर दी।

सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

मामला दर्ज कर पुलिस ने आसपास के निजी प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा था। इसी बीच कस्बा चौकी प्रभारी नेहा सिद्धार्थ और दारोगा अश्वनी सिंह को सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी के आभूषण बेचने के लिए बसखारी की ओर आ रहे हैं।

सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपितों को पकड़ लिया।

मुरादाबाद जिले के हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुरादाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी मुबारक अली, फत्तन और छछले, ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के खुशहालपुर निवासी रोनक तथा भोजपुर थाना क्षेत्र के अक्का मीकनपुर पीपलसाना निवासी यूनुस के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने सोने का गले का हार, दो झुमके, माथटीका, नथिया, लाकेट, दो अंगूठियां, दो जोड़ी पायल और बिछिया बरामद की। बरामद जेवरों की पहचान पीड़िता द्वारा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button