
अम्बेडकरनगर। जनपद के आलापुर विधानसभा क्षेत्र के सफरुद्दीनपुर गांव से लापता हुए बच्चे हिमांशू के 54 दिनों बाद बरामद होने के मामले को लेकर राजनीति गरमा गई है। लापता बच्चे के माता-पिता और परिजन लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय से मिले और सहयोग के लिए आभार जताया। इस दौरान अजय राय ने कहा कि न्याय केवल बातों से नहीं, बल्कि संघर्ष से मिलता है।
54 दिनों तक गायब रहा था बच्चा
जानकारी के अनुसार आलापुर विधानसभा क्षेत्र के सफरुद्दीनपुर गांव निवासी बच्चा हिमांशू बीते वर्ष रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने पुलिस और प्रशासन से लगातार गुहार लगाई, लेकिन कई सप्ताह तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। बच्चे की बरामदगी न होने से परिजनों में गहरा आक्रोश फैल गया।
अम्बेडकर प्रतिमा के सामने अनिश्चितकालीन अनशन
हिमांशू के लापता होने के बाद परिजनों ने अम्बेडकरनगर जिला मुख्यालय पर स्थित अम्बेडकर प्रतिमा के समक्ष अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया। इस दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी भी धरना-प्रदर्शन में शामिल रहे। परिजनों का आरोप था कि प्रशासन लापता बच्चे के मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद सक्रिय हुआ प्रशासन
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने इस पूरे घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि जब तक जनदबाव और संघर्ष नहीं होता, तब तक व्यवस्था हरकत में नहीं आती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस मामले को मजबूती से उठाया और प्रशासन पर दबाव बनाया, जिसके बाद कार्रवाई तेज हुई।









