
अम्बेडकरनगर। बसखारी क्षेत्र के नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा के वासुदेव नगर वार्ड में सोमवार को कल्प सरोवर के निर्माण का शिलान्यास किया गया। नगर निधि से 94 लाख 72 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस सरोवर का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ।
भूमि पूजन कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय और नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन वासुदेव नगर वार्ड में क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के पास स्थित पक्के पोखरे पर किया गया।
पुराने पोखरे को मिलेगा नया स्वरूप
नगर पंचायत की योजना के तहत इस पोखरे को कल्प सरोवर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसे स्वर्गीय वासुदेव साहू की स्मृति में तैयार किया जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्रीय जनता की मांग पर इस परियोजना को शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद यह स्थान क्षेत्र की पहचान बनेगा और इसकी भव्यता देखने लायक होगी।
विकास कार्यों पर दिया जोर
कार्यक्रम में मौजूद विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय ने कहा कि जहां ट्रिपल इंजन की सरकार है, वहां विकास कार्य लगातार हो रहे हैं। उन्होंने नगर पंचायत में चल रहे विकास कार्यों की सराहना की।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में अवैध कब्जों को हटाकर सार्वजनिक उपयोग की योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नगर क्षेत्र को बेहतर और व्यवस्थित बनाना है।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी संजय जैसवार, वरिष्ठ भाजपा नेता राम प्रकाश यादव, सभासद सुभाष निषाद, रामसागर निषाद, रोशन लाल निषाद, राम आधार यादव राजभर, मया राम, मास्टर प्रदीप कुमार, भाजपा नेता रुद्रप्रसाद उपाध्याय, महेंद्र जायसवाल, साहिल सोनी समेत बड़ी संख्या में सभासद, कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।









