
कन्नौज : उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक तीन साल के मासूम की पानी भरे ड्रम में गिरने से मौत हो गई। यह हादसा छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के हाथिन गांव में हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
मृतक बच्चे की पहचान विदित के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब बच्चे के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। घर में उसकी देखभाल कर रहीं दादी किसी काम में व्यस्त थीं, इसी दौरान मासूम खेलते-खेलते पानी से भरे ड्रम के पास पहुंच गया और उसमें गिर गया।
जब माता-पिता घर लौटे और बच्चे को ढूंढना शुरू किया, तो कुछ देर बाद उसे ड्रम में गिरा हुआ पाया गया। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और परिवार को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों को हर संभव सहायता देने का प्रयास कर रही है।









