अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब जांच के साथ-साथ राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के भीतर भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। पहली बार ट्रस्ट के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास महाराज ने पूर्व पदाधिकारी गोपाल राव पर खुलकर निशाना साधा है। उन्होंने पूरे विवाद के लिए गोपाल राव को जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर राजनीति करने और ट्रस्ट के सदस्यों को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि इस पूरे मामले में सबसे बड़ी गलती गोपाल राव की है। उनका आरोप है कि गोपाल राव ट्रस्ट के भीतर राजनीति कर रहे हैं और सभी को उलझाने का काम करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गोपाल राव भगवान राम की परंपराओं का सम्मान नहीं करते। गोपाल राव मूल रूप से कर्नाटक के निवासी हैं और राम मंदिर निर्माण कार्य के प्रभारी होने के साथ ट्रस्ट के आमंत्रित सदस्य भी रह चुके हैं।
इधर, चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सोमवार सुबह अयोध्या में 500 से अधिक अधिवक्ता सड़कों पर उतर आए। अयोध्या बार एसोसिएशन के बैनर तले वकीलों ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने सिविल लाइन चौकी पहुंचकर चार लोगों के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र ने बताया कि पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर ली है और एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया है। दूसरी ओर, मामले में सरकार भी सख्त रुख अपनाती नजर आ रही है।









