लखनऊ में NSUI कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प

प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता बेहोश

लखनऊ। लखनऊ में रविवार को NSUI कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच उस समय जोरदार झड़प हो गई जब कार्यकर्ता पेपर लीक मुद्दे को लेकर जनभवन का घेराव करने जा रहे थे। इस दौरान एक कार्यकर्ता के बेहोश होने की भी खबर सामने आई है, जिसे उसके साथी तत्काल अस्पताल ले गए।

प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज के दौरान एक कार्यकर्ता के सिर पर चोट पहुंचाई, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। हालांकि पुलिस की ओर से इस आरोप पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर चार लेयर की बैरिकेडिंग लगाई थी और भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

झड़प के बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों से इको गार्डन भेज दिया।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन से पहले ही कई कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया और होटलों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार पेपर माफियाओं को संरक्षण दे रही है और इसी डर के कारण आंदोलन को रोका जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button