- LDTA चेयरमैन गिरफ्तार
- जमीन फर्जीवाड़े में कार्रवाई
- 16 हजार वर्ग गज जमीन का मामला
- 1000 करोड़ की नजूल भूमि का दावा
कानपुर के चुन्नीगंज स्थित चर्चित ईपीफैनी कंपाउंड जमीन कब्जा और फर्जीवाड़ा मामले में कर्नलगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लखनऊ डायोसिस ट्रस्ट एसोसिएशन (LDTA) के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं पदेन चेयरमैन रेव जानसन टी. जान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी था। कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में पूर्व मंत्री शिव कुमार बेरिया समेत 12 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
लेखपाल विपिन कुमार की तहरीर पर वर्ष 2024 में कर्नलगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोप है कि ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर चुन्नीगंज स्थित ईपीफैनी कंपाउंड की करीब 16 हजार वर्ग गज जमीन का अवैध सौदा किया।
जांच में सामने आया कि जमीन को करीब 5 करोड़ रुपये में अनुबंधित कर अलग-अलग लोगों को बेचने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कई अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
ईपीफैनी कंपाउंड की नजूल भूमि की कीमत करीब 1000 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोप है कि भूमाफियाओं ने जमीन को छोटे-छोटे प्लॉट में बांटकर बेचने की कोशिश की।
पुलिस का कहना है कि रेव जानसन टी. जान पर कानपुर, आगरा, नैनीताल और दिल्ली समेत कई जगहों पर मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और लेनदेन की जांच कर रही है।









